हम केजरीवाल के लिए खड़े हैं, हम उनका समर्थन करते हैं: केसीआर

Ankalan 28/5/2023

हैदराबाद। मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी से दिल्ली सरकार के अधिकारों के विरूद्ध लाए आध्यादेश को तुरंत वापस लेने की मांग की और कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के पांच सदस्यी संविधान बेंच के फैसले का आदर करें। सर्वोच्च न्यायालय के पांच सदस्यी संविधान पीठ ने पांच-शून्य से दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला दे दिया है, लेकिन केन्द्र सरकार ने आध्यादेश लाकर इसे निरस्त कर दिया है। हम केजरीवाल के लिए खड़े हैं, हम उनका समर्थन करते है।
,  संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने दिल्ली सरकार के अधिकारों को निरस्त करने केन्द्र सरकार द्वारा लाए आध्यादेश पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रधान मंत्री से कहा कि आप माफी के सौदागर हैं, अपना आध्यादेश वापस ले लें। जिस प्रकार आपने कृषि कानून वापस लिया, उसी प्रकार सवोच्च न्यायालय के आदेश को निरस्त करने के लिए लाए गए आध्यादेश को वापस ले लें। यह दिल्ली की जनता का अपमान है। दिल्ली सरकार को काम काज करने दीजिए। यह आपके लिए और देश के लिए अच्छा नहीं है। अन्यथा, हम सभी मिलकर इसके खिलाफ लड़ेंगे। केन्द्र का यह कदम देश के लोकतंत्र के खिलाफ है जिसे भारत जैसे देश में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। कर्नाटक में जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है।
,  मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि देश में केन्द्र सरकार की अराजकता चरम पर है। लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारें अनेक बाधाओं के कारण काम करने में असमर्थ है। गैर भाजपा सरकारों को वे बहुत परेशान कर रहे हैं। केन्द्र की भाजपा सरकार आर्थिक प्रतिबंध लगाकर राज्य सरकारों को परेशान करती है, यह पूरा देश देख रहा है।
,  केसीआर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों राष्ट्रीय दलों को हराकर भारी बहुमत से दिल्ली जीत लिया है। हाल में हुए नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है। केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने मोहल्ला क्लिनिक, स्कूल और बेहतर बिजली सेवा देने जैसे कई शानदार काम किए हैं। दिल्ली की जनता ने लगातार तीसरी बार आम आदमी पार्टी की सरकार को चुना है। इस चुनी हुई सरकार को दिल्ली की जनता का समर्थन प्राप्त है। भाजपा नेता अपने भाषण में अक्सर कहते हैं कि इमर्जेंसी जैसे हालात हैं। अब आप उसी रास्ते पर हैं। अभी स्थिति इमर्जेंसी से भी ज्यादा खराब है। सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्य की बेंच ने पांच शून्य के बहुमत से दिल्ली सरकार के अधिकार बहाल करने के पक्ष में फैसला दिया है, लेकिन न्यायालय के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। यह लोकतंत्र को सीधे चैलेंज है। भारत जैसे विशाल देश में इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
,  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को धन्यवाद देते हुए कहा कि फरवरी 20 1५ में हमारी सरकार बनी, इसी वर्ष मई में नोटिफिकेशन लाकर हमारे अधिकार छीन लिए गए। मुख्यमंत्री के रूप में मैं किसी सचिव या उपसचिव का तबादला नहीं कर सकता हूं। आठ साल की लंबी लड़ाई के बाद सुप्रीम कोर्ट की सविधान बेंच ने पांच- शून्य से दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला दिया लेकिन केन्द्र सरकार ने आध्यादेश लाकर आदेश को निरस्त कर दिया। यह आध्यादेश दिल्ली के लोगों का अपमान है। दिल्ली के लोगों को चुनौती दे रहे हैं। देश इस तरह नहीं चल सकता है।
,  अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य सभा में कुल 238 सदस्य हैं जबकि राज्य सभा में भाजपा के मात्र 93 सदस्य हैं। अगर संपूर्ण विपक्ष एकजुट होकर इस बिल को राज्य सभा में गिराते हैं तो 2024 के लोक सभा चुनाव के पूर्व यह सेमीफाइनल होगा। इस बिल को राज्य सभा में गिराया जा सकता है। जनता को लगेगा कि मोदी जी को हराया जा सकता है। एक प्रधानमंत्री और 31 राज्यपाल मिलकर इस देश को चला रहे हैं। यह जनतंत्र को बचाने की लड़ाई है। केन्द्र सरकार विधायक खरीदकर राज्य सरकार गिरा देती है, या ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर विधायक तोड़ लेते हैं या राज्यपाल द्वारा राज्य सरकार को काम नहीं करने देते हैं। मैं संविधान और जनतंत्र बचाने के लिए समर्थन मांग रहा हूं।
,  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा जनतंत्र है। लेकिन केन्द्र सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश को नहीं मानती है। राज्यपाल केरल के मुख्यमंत्री, बंगाल के मुख्यमंत्री ममता दीदी अभी गैर भाजपा मुख्यमंत्रियों को परेशान कर रही है। हम देश को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
,  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी व आप सांसद आज दोपहर हैदराबाद पहुंचे जहां बेगमपेट हवाईअड्डे पर मंत्री अजय कुमार, एमएलसी सुभाष रेड्डी,विधायक जीवन रेड्डी ने उनका स्वागत किया। अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम के प्रगति भवन पहुंचने पर मुख्यमंत्री केसीआर ने शॉल ओढाकर और गुलदस्ता देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। फिर केसीआर ने केजरीवाल और उनकी टीम के सदस्यों के साथ लंच किया, साथ ही देश के हालात पर विमर्श किया। इसके बाद मुख्यमंत्री केसीआर ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

Related Post